:: वायुसेना की नई पहल : तकनीकी शाखा के लिए शुरू हुई विशेष भर्ती योजना; उम्मीदवारों को एएफसीएटी की प्रारंभिक परीक्षा देने की जरूरत नहीं, दोनों माध्यमों से आवेदन का रहेगा विकल्प :: इंदौर/नई दिल्ली (ईएमएस)। देश सेवा और भारतीय वायुसेना (आईएएफ) में अधिकारी बनने का ख्वाब देख रहे तकनीकी युवाओं के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खबर है। भारतीय वायुसेना ने तकनीकी शाखा (अधिकारी कैडर) में भर्ती के लिए एक नई और ऐतिहासिक योजना की घोषणा की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब योग्य उम्मीदवार इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा यानी जीएटीई (GATE) के अंकों के आधार पर सीधे आवेदन कर सकेंगे। वायुसेना के इस कदम से तकनीकी क्षेत्र के मेधावी छात्रों के लिए देश की सुरक्षा में शामिल होने की राह और आसान हो गई है। इस नई पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जिन उम्मीदवारों के पास वैध (Valid) गेट स्कोर होगा, वे वायुसेना चयन बोर्ड (एएफएसबी) के साक्षात्कार और आगे की प्रक्रिया के लिए सीधे पात्र मान लिए जाएंगे। उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह से उनकी योग्यता (मेरिट) के आधार पर होगा। इसके चलते उम्मीदवारों को वायु सेना सामान्य प्रवेश परीक्षा (एएफसीएटी) जैसी पारंपरिक और प्रारंभिक लिखित परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी, उन्हें इससे पूरी तरह छूट मिल जाएगी। :: केवल तकनीकी शाखा के लिए मान्य, एएफसीएटी भी रहेगी जारी :: वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि जीएटीई स्कोर आधारित यह नई योजना केवल तकनीकी शाखा (टेक्निकल ब्रांच) की भर्ती के लिए ही लागू होगी। वहीं, वायुसेना की तकनीकी सहित अन्य सभी शाखाओं में भर्ती के लिए होने वाली मानक प्रवेश परीक्षा एएफसीएटी (AFCAT) हमेशा की तरह जारी रहेगी। इस नई व्यवस्था से अब देश के युवाओं को अधिकतम लचीलापन और अवसर मिलेगा। योग्य उम्मीदवार अपनी सुविधानुसार एएफसीएटी और गेट स्कोर दोनों ही माध्यमों से तकनीकी शाखा के लिए आवेदन करने के लिए स्वतंत्र होंगे। :: नियमों में बदलाव नहीं, अधिसूचना 02/2026 जारी :: इस नई योजना के तहत प्रवेश के लिए शैक्षणिक योग्यताएं वही रहेंगी, जो वर्तमान में एएफसीएटी के माध्यम से तकनीकी शाखा के लिए निर्धारित हैं। वायुसेना ने स्वीकार्य गेट (GATE) विषयों की एक विस्तृत सूची अपनी आधिकारिक अधिसूचना संख्या 02/2026 में औपचारिक रूप से प्रकाशित कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी और अपडेट के लिए वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट https://www.afcat.edcil.co.in और www.careeriaf.gov.in पर जा सकते हैं। :: सोशल मीडिया पर भी पा सकते हैं अपडेट :: भारतीय वायुसेना में अधिकारी स्तर की भर्ती और योजनाओं से जुड़े नियमित अपडेट के लिए उम्मीदवार दिशा (DISHA) इंडियन एयर फोर्स के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो कर सकते हैं। इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर @careeriniaf तथा फेसबुक, यूट्यूब व लिंक्डइन पर @DISHA भारतीय वायु सेना के माध्यम से हर छोटी-बड़ी प्रामाणिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। प्रकाश/26 मई 2026