नई दिल्ली (ईएमएस)। महाराष्ट्र के मीरा रोड के नया नगर इलाके को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इलाके का माहौल खराब कर उसे “मिनी पाकिस्तान” बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सोमैया के मुताबिक, बकरीद से पहले रिहायशी सोसाइटियों और हिंदू बहुल इलाकों में बड़ी संख्या में बकरे लाकर जानबूझकर तनाव पैदा किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे खास तौर पर जैन और शाकाहारी परिवारों में डर और असहजता का माहौल बन रहा है। सोमैया ने कहा कि किसी भी हाउसिंग सोसाइटी, कॉम्प्लेक्स या चौल में खुलेआम कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि कुर्बानी केवल निर्धारित मटन मार्केट या अधिकृत स्थानों पर ही होनी चाहिए, ताकि रिहायशी इलाकों में विवाद की स्थिति न बने। बीजेपी नेता ने कहा कि त्योहारों का इस्तेमाल कट्टरता फैलाने या दूसरे समुदाय को डराने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग धार्मिक आयोजनों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सोमैया ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने धर्म के नाम पर नफरत फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। ईएमएस / 26/05/2026