गेल का 175 रनों का रिकार्ड तोड़ना भी है लक्ष्य मुम्बई (ईएमएस)। डंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई नये रिकार्ड बनाने वाले राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का लक्ष्य अब टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाना है। 15 साल की उम्र में ही इस सत्र में 500 से अधिक रन बनाकर ऑरेंज कैप के दावेदारों में शामिल वैभव का कहना है कि वह वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल का 175 रनों का रिकॉर्ड भी तोड़ना चाहते हैं। वैभव ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के एक शो में ये बातें कहीं। जब पीटरसन ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें अर्धशतक का जश्न मनाना अच्छा लगता है तो वैभव का जवाब था, मुझे 50 रन का जश्न मनाना ज्यादा पसंद नहीं है। मैं टी20 में 200 रन बनाना चाहता हूं। मैं गेल का रिकॉर्ड तोड़ना चाहता हूं। उनका ये बयान सोशल मीडिया में छा गया है। गौरतलब है कि गेल ने आईपीएी 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ मात्र 66 गेंदों में नाबाद 175 रन बनाए थे। इस पारी में गेल ने 13 चौके और 17 छक्के लगाये थे, और इसी मैच में उन्होंने 30 गेंदों में लीग का सबसे तेज शतक भी जड़ा था। ये रिकार्ड आज भी बरकरार है। वहीं वैभव इस सत्र के सबसे बड़े युवा सितारे बनकर उभरे हैं। उन्होंने 14 मैचों में 41.64 की शानदार औसत और 232.27 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से कुल 583 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है। इस सीजन में उन्होंने 53 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा हैं। वह क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड से सिर्फ 7 छक्के दूर हैं जो इसी सत्र में हासिल कर सकते हैं। वैभव टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। वैभव ने इस साल अंडर-19 विश्व कप में भी जबरदस्त प्रदर्शन कर 7 मैचों में 439 रन बनाए थे। गिरजा/ईएमएस 27 मई 2026