सेंसेक्स 136, निफ्टी 29 अंक गिरा मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ खुला। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को लेकर निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखी जिससे बाजार टूटा है। इसी कारण सुबह सेंसेक्स 136.38 अंक फिसलकर 75,873.32 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 29.95 अंक टूटकर 23,887.15 पर था। निफ्टी में हालांकि कुछ स्टॉक्स ने मजबूती दिखाई। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी और अडानी पोर्ट्स के शेयर शुरुआती कारोबार में उछले। दूसरी ओर मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में बढ़त रही। ब्रॉडर मार्केट में भी हल्की तेजी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.28 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.30 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे जबकि निफ्टी मेटल और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी प्राइवेट बैंक के शेयर फिसले। गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव से भी बाजार गिरा है। इसका कारण ये है कि निवेशक अभी बाजार से दूरी बनाये हुए हैं। कई कंपनियों के चौथी तिमाही के परिणाम भी आज आने वाले हैं जिस पर भी बाजार की निजरें हैं। इनमें ट्वेंटीफर्स्ट सेंचुरी मैनेजमेंट सर्विसेज, एक्सेल, एक्सिसकैड्स टेक्नोलॉजीज, अशियाना हाउसिंग, बाटा इंडिया, कॉफी डे एंटरप्राइजेज, सेलो वर्ल्ड, डीसीएक्स सिस्टम्स, एल्गी इक्विपमेंट्स, गिलेट इंडिया, जीएमआर एयरपोर्ट्स, केआईओसीएल, पीसी ज्वेलर, रामकी इंफ्रास्ट्रक्चर और शैल्बी जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के परिणामों पर निवेशकों की नजर रहेगी क्योंकि इससे सेक्टर आधारित हलचल देखने को मिल सकती है। ईएमएस 27मई 2026