ब्यावरा(ईएमएस)l बुधवार को नगर के श्री खाटू श्याम मंदिर में पद्मिनी एकादशी के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती से शुरू हुआ धार्मिक उत्सव दिनभर जारी रहा, जिसमें अनुमानित एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए। पूरा मंदिर परिसर दिनभर जय श्री श्याम के जयघोष से गूंजता रहा। पर्व के लिए मंदिर प्रबंधन समिति ने विशेष तैयारियां की थीं। बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और विद्युत झालरों से सजाया गया था, जिससे शाम ढलते ही मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही थी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने सजावट और दर्शन व्यवस्था की सराहना की। मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का क्रम चलता रहा। दोपहर की आरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया। ब्यावरा शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दरबार पहुंचे। भीषण गर्मी के बावजूद, श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किए। पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इधर भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर डायवर्जन किया गया। नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण, छाया और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।-निखिल/ब्यावरा/27/5/2026