क्षेत्रीय
27-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी द्वारा वरिष्ठ कवयित्री वसंती वर्मा को गुजरात साहित्य अकादमी, गांधीनगर द्वारा प्रदान की गई साहित्य वाचस्पति मानद उपाधि के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। होटल बंसी वाला के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति डॉ. चंद्रभूषण वाजपेई थे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं थावे विद्यापीठ गोपालगंज, बिहार के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक ने की। वहीं डॉ. विनोद कुमार वर्मा और विष्णु कुमार तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति डॉ. चंद्रभूषण वाजपेई ने कहा कि वसंती वर्मा ने अपने छत्तीसगढ़ी काव्य संग्रह मोर अंगना के फूल को विमर्श के साथ प्रकाशित कर साहित्य जगत में विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्य अकादमी गुजरात द्वारा उन्हें साहित्य वाचस्पति की मानद उपाधि प्रदान किया जाना बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. विनय कुमार पाठक ने कहा कि वसंती वर्मा ने छत्तीसगढ़ी साहित्य में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि विमर्श सहित प्रथम काव्य संग्रह प्रकाशित कर वे साहित्य जगत में चर्चित और यशस्वी रहीं। गुजरात साहित्य अकादमी द्वारा मिला सम्मान पूरे प्रदेश के लिए सम्मान का विषय है। डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने गुजरात साहित्य अकादमी के रजत जयंती समारोह का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें हिंदी और छत्तीसगढ़ी के संपूर्ण व्याकरण पर कार्य के लिए राजभाषा रत्न सम्मान मिला, वहीं वसंती वर्मा को साहित्य वाचस्पति की मानद उपाधि प्रदान की गई। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन और मानसी खंडेलवाल की सरस्वती वंदना से हुई। स्वागत भाषण में डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी की 60 वर्षों की साहित्यिक यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में अतिथियों ने वसंती वर्मा को श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. गजेंद्र तिवारी ने अभिनंदन पत्र प्रस्तुत किया। इस दौरान स्वदेश के संपादक विदेश दीक्षित, पंकज खंडेलवाल, अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्यांगना आंचल पांडे, रोशन गुप्ता, डॉ. एन.के. चौरे, मंजू चौरे सहित विभिन्न साहित्यिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनका सम्मान किया। सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वसंती वर्मा ने अपनी साहित्यिक यात्रा साझा की और अपनी प्रतिनिधि कविता का पाठ कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. राघवेंद्र कुमार दुबे ने किया। समारोह में डॉ. सत्यनारायण तिवारी, डॉ. गजेंद्र तिवारी, शीतल प्रसाद पाटनवार, राजेश सोनार, तरुण राठौर सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी और नागरिक उपस्थित रहे। - 27 मई 2026