क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- शिवपुरी में गहराया जल संकट: टंकियां खाली, जनता परेशान - नपा की लापरवाही से शिवपुरी में हाहाकार: सिंध योजना से सप्लाई बंद, लोग हाथ में कट्टी लेकर भटक रहे शिवपुरी (ईएमएस)। भीषण गर्मी के बीच शिवपुरी शहर में पेयजल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। सिंध जलावर्धन योजना के तहत सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण शहर के 39 वार्डों में हाहाकार मचा है। पिछले 15 दिन से कई वार्डों में नलों से एक बूंद पानी नहीं टपका, जिससे लोग पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। शहर में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में पीने के पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। योजना के तहत शहर की पानी की टंकियां नहीं भर पा रही हैं, जिसके कारण नियमित सप्लाई पूरी तरह बंद है। वार्डों में लोग हाथों में कट्टी-डिब्बे लेकर सुबह से ही पानी की तलाश में निकल पड़ते हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को कई बार सूचना देने और शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पीने के पानी को लेकर परेशान लोगों ने बताया कि पिछले दो हफ्ते से बच्चे प्यासे हैं, टैंकर भी नहीं आ रहे। बताया जा रहा है कि सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट की मुख्य मोटर खराब हो गई है। मोटर में तकनीकी खराबी आने से वहां से पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। इसी कारण शहर की टंकियों तक पानी नहीं पहुंच रहा। अधिकारी मोटर सुधारने का काम जारी होने की बात कह रहे हैं, लेकिन कब तक सप्लाई बहाल होगी, इसकी कोई समय सीमा नहीं बता पाए। लगातार सप्लाई बंद होने से शहर के आर्य समाज रोड, गांधी पार्क, वार्ड क्रमांक 7 सर्किट हाउस रोड , रामबाग कॉलोनी, बाईपास रोड, फतेहपुर, नबाब साहब रोड, गांधी कॉलोनी, कोर्ट रोड सहित कई इलाकों में हालात बद से बदतर हो गए हैं। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। रंजीत गुप्ता/ईएमएस/27/05/2026