बुरहानपुर (ईएमएस)। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि मनाई गई। प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। बुधवार सुबह नेहरू प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में सभी कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टॉक ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखी और पंचवर्षीय योजनाओं के माध्यम से आर्थिक विकास को गति देने और वैश्विक शांति को बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थीं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ उनके बताए मार्ग, आदर्शों और देश के प्रति उनके समर्पण को याद करना है। बच्चों के प्रति उनके प्रेम इतना था कि उन्हें आज भी चाचा नेहरू के नाम से जाना जाता है। मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने भारत को एक मजबूतलोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाई है, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। पूर्व विधायक हमीद काजी ने कहा कि स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश के विकास की आधारशिला रखी थी। कांग्रेस की यह परंपरा है कि देश की आजादी से लेकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुषों को जयंती एवं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया जाता है। पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने देश का लाल जवाहरलाल सहित विभिन्न नारे लगाए । कांग्रेस नेता शेख रुस्तम ने कहा कि जब देश के एक हिस्से में 30 लाख से भी अधिक लोग भूख से दम तोड रहे थे, उस देश की गुलामी की कीमत का अंदाजा लगाया जा सकता है। आकाल की इतनी भीषण मार सहने वाला यह देश आजादी के एक दशक में प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में विकसित देश के रूप में उभरा। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष रिंकू टांक, पूर्व विधायक हमीद काजी, सलीम कॉटन वाला, अमर यादव, पार्षद मुज्जु मीर, आरिफ, खान मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला, सहित अन्य पार्षद गण और कांग्रेस नेता मौजूद थे। अकील आजाद/ईएमएस/27/05/2026