मंडला (ईएमएस)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विकासखंड निवास अंतर्गत नर्मदा तट बसगढ़ी घाट में 151 दीप प्रज्वलित कर भव्य महाआरती एवं जल संरक्षण जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर जल संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर प्रदेशभर में संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत यह आयोजन किया गया। अभियान 19 मार्च से 30 जून तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण जल संरक्षण, ऐतिहासिक जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन, नदी संरक्षण, हरित विकास एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर विकासखंड निवास के विभिन्न ग्रामों में जल स्त्रोत पूजन, कलश यात्रा, जल संरक्षण की शपथ, चौपाल एवं स्वच्छता श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में ग्राम पंचायत हिरनाछापर के पोषक ग्राम बसगढ़ी स्थित नर्मदा घाट में गंगा पूजन, कलश पूजन, चौपाल एवं 151 दीपों से महाआरती की गई। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष मंजू कुलस्ते, जनपद सदस्य रॉबिनधर बडगैयां, सरपंच सुखवरीया बाई, अनेक जनप्रतिनिधि एवं जनपद पंचायत निवास की सीईओ श्रद्धा सोनी, जन अभियान परिषद विकासखंड समन्वयक सूरज बर्मन सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण एवं नदियों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। - ईएमएस / 27/05/2026