साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक हवा में रहा नई दिल्ली,(ईएमएस)। नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-173 को बुधवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। बोइंग विमान में सवार सभी 230 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षितद हैं। एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है और अब उसकी विस्तृत तकनीकी जांच होगी। जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के करीब तीन घंटे बाद, जब विमान चीन के हवाई क्षेत्र में पहुंच चुका था, तभी एक तकनीकी समस्या का पता चला। एहतियात के तौर पर, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता द देकर विमान को तत्काल वापस दिल्ली मोड़ने का फैसला हुआ। आंकड़ों के मुताबिक, विमान लगभग साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक हवा में रहा, जिससे लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान के यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। एअर इंडिया ने बताया कि एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में किसी भी तकनीकी संकेत को गंभीरता से लिया जाता है और सुरक्षा मानकों के तहत इसतरह के आपातकालीन निर्णय आवश्यक होते हैं। घटना के बाद, दिल्ली एयरपोर्ट पर संबंधित तकनीकी टीमों ने विमान का निरीक्षण शुरू कर दिया है। एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही विमान को फिर सेवा में लगाया जाएगा। आशीष दुबे / 27 मई 2026