मंडला (ईएमएस)। मंडला नगर क्षेत्र में व्याप्त अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में में ग्रामीणों ने राजीव कालोनी स्थित विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। मंडला नगर सहित सभी ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश गांवों में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे आमजन, किसान, छात्र एवं ग्रामीण परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, मोबाइल चार्ज तक नहीं हो पा रहे हैं तथा पेयजल व्यवस्था सहित दैनिक जरूरतों के कार्य बाधित हो रहे हैं। ग्रामीण अंधकार में जीवन जीने को मजबूर हैं। ग्रामीण क्षेत्र की वास्तविक स्थिति बेहद दयनीय बताया गया कि मंडला जिले के सभी ब्लाकों पर संकट सबसे अधिक गंभीर बना हुआ है। कई गांवों में बिजली कनेक्शन तक उपलब्ध नहीं हैं, फिर भी लोगों को लगातार बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। वहीं जिन गांवों में कनेक्शन हैं, वहां कई दिनों से सप्लाई पूरी तरह बंद पड़ी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार 24 घंटे बिजली देने के दावे करती है, लेकिन वनांचल क्षेत्र की वास्तविक स्थिति बेहद दयनीय है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ अशोक मर्सकोले कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ पदाधिकारीगण की उपस्थिति में स्थानीय राजीव कालोनी में मुख्य अभियंता कार्यालय नारे बाजी करते हुए सांकेतिक शव यात्रा लेकर पहुंचे। कांग्रेसियों ने मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने खड़े होकर नारे बाजी करते रहे, पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। तत्काल विद्युत व्यवस्था की जाए बहाल धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अशोक मर्सकोले एवं नगर अध्यक्ष एड रजनीश रंजन उसराठे से चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सुचारू विद्युत सप्लाई बहाल कर दी जाएगी तथा इस मामले में लापरवाही बरतने वाले लाइनमैनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ पदाधिकारीयों ने विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांग दोहराई कि तत्काल विद्युत व्यवस्था बहाल की जाए, अघोषित कटौती बंद की जाए तथा ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार किया जाए। नगर कांग्रेस अध्यक्ष एड रजनीश रंजन उसराठे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही विद्युत सप्लाई सुचारू बहाल नहीं की गई तो आम नागरिकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा एवं विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आम नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस / 27/05/2026