- मास्टरमाइंर बुआ ने रची थी अगवा करने की साजिश, 1 लाख रुपये में किया था भतीजी का सौदा अशोकनगर (ईएमएस)। जिले की ईसागढ़ थाना पुलिस द्वारा नाबालिग आदिवासी बच्ची के अपहरण व 1 लाख की सौदेबाजी कांड में मुख्य साजिशकर्ता बुआ सुखवती आदिवासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि बीती 23 मई को थाना ईसागढ़ अन्तर्गत 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस द्वारा मामले में 3 संयुक्त टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 6 घंटे के भीतर नजीराबाद एवं ब्यावरा क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब किया गया था। घटना में प्रयुक्त वाहन सहित राजगढ़ निवासी महिला आरोपी गुड्डी बाई गुर्जर, आरोपी नीरज जोगी, लखन गुर्जर एवं प्रेम गुर्जर को गिरफ्तार कर पूर्व में ही जेल भेजा जा चुका है। मामले में घटना के बाद से फरार चल रही मुख्य साजिशकर्ता एवं पीडि़ता की बुआ सुखवती आदिवासी को पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही उपरांत जेल भेज दिया गया है। उपरोक्त कार्यवाही में कदवाया थाना प्रभारी मनीष सिंह जादौन, थाना प्रभारी ईसागढ़ मीना रघुवंशी, सउनि जयसिंह गौर, सिउनि ज्ञानलता राठौर, प्रआर अवनीश पाठक, प्रआर प्रद्युम्न रावत, प्रआर राजीव शर्मा, प्रआर मनोज कुमार, आर रूपेन्द्र तोमर, आर नरेश झा, आर देवेन्द्र लोधी, महिला आरक्षक प्रीति शर्मा एवं महिला आरक्षक गायत्री कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नाबालिग से पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा: प्रकरण में पीडि़ता को वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखकर उसके कथन लिए गए, जिनमें पीडि़ता द्वारा अत्यंत चैंकाने वाला खुलासा किया गया। पीडि़ता ने बताया कि उसकी सगी बुआ सुखवती आदिवासी ने 1 लाख रुपये के लालच में उसका सौदा आरोपी गुड्डी बाई गुर्जर से किया था तथा उसी के माध्यम से अपहरण की पूरी साजिश रची गई थी। पीडि़ता के कथनों के आधार पर थाना ईसागढ़ पुलिस द्वारा सुखवती आदिवासी को प्रकरण में आरोपी बनाया गया था, जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रही थी। पुलिस द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी कदवाया मनीष सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर गुना क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। ईएमएस / दिनांक 27/5/026