- दुर्घटनाग्रस्त ट्रक। शाजापुर (ईएमएस)। जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-52 पर रात के समय एक के बाद एक दो सड़क दुर्घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों मामलों को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी केे अनुसार मंगलवार रात सुनेरा निवासी रोहित चंद्रवंशी अपनी बाइक से आगर जिले के अमलहता गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, तभी रात करीब 9 बजे मझानिया जोड़ के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 के पायलट राजेश बरेठा और आरक्षक बृजमोहन यादव मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार चालक अपना वाहन कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सुनेरा पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, भूसे से भरा ट्रक पलटा दूसरा हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे कनासिया नाके के आगे होटल रतनलोक के पास हुआ। यहां दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे भूसे से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में एक ट्रक के चालक सुनील और क्लीनर अर्जुन, जबकि दूसरे ट्रक के चालक फरहान तथा हेल्पर अरशान व फुरकान जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर मक्सी थाने की डायल-112 के पायलट अनिल परमार और आरक्षक राहुल मालवीय ने मौके पर पहुंचकर सभी पांचों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गनीमत रही कि इन सभी घायलों को हल्की चोटें आई हैं और स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 27 मई 2026