शाजापुर (ईएमएस)। मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस ने पिछले 9 महीने से फरार चल रहे चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 30 हजार रुपये कीमत की 5 तराफे भी बरामद कर ली हैं। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसे आखिरकार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त मेहनत से सारंगपुर बस स्टैंड से धर दबोचा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर कॉलोनी शाजापुर के रहने वाले रामबाबू वर्मा ने 30 अगस्त 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 11 अगस्त 2025 की रात को पुराना चौमा की पुलिया के पास से कोई अज्ञात बदमाश उनकी बीज बनाने की तराफे चुरा कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। चोरी की इस घटना का पर्दाफाश करने के लिए एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एएसपी घनश्याम मालवीय और शाजापुर एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी गोपाल सिंह पिता पप्पूलाल, निवासी ग्राम बाबल्दा, जिला राजगढ़ को पकड़ने के लिए कई बार उसके घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश दी गई। लेकिन आरोपी काफी शातिर था और जगह बदल-बदल कर छिपता फिर रहा था। अंततः मुखबिर की सटीक सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद से 26 मई 2026 की शाम पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को सारंगपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने 27 मई 2026 को आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई 5 तराफे कीमत 30,000 रुपये जब्त की। पुलिस फिलहाल चोरी की इस वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी उनि अरविंद सिंह तोमर, एएसआई महमूद अली, प्रधान आरक्षक हेमेंद्र जादौन, जितेन्द्र सितपरा, आरक्षक सुरेश राठौर, शैलेंद्र गुर्जर, शैलेंद्र शर्मा, अर्जुन बागड़ी, शिवचरण और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 27 मई 2026