- 1.40 लाख की धोखाधड़ी करने वाले पर मुकदमा दर्ज - वीडियो में रूपये लेते दिखा आरोपी। शाजापुर (ईएमएस)। एक मां की सबसे बड़ी ख्वाहिश अपने बच्चों का घर बसते देखना होती है, लेकिन शाजापुर जिले में इसी जज्बात का फायदा उठाकर एक सनसनीखेज ठगी को अंजाम दिया गया। मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम पीरखेड़ी करजू में एक ठग ने शारीरिक रूप से विकलांग युवक की शादी कराने का झांसा देकर उसकी 65 वर्षीय बुजुर्ग मां से 1 लाख 40 हजार रुपए ऐंठ लिए। महीनों इंतजार और मिन्नतों के बाद भी जब न शादी हुई और न पैसे लौटे, तो पीडि़ता ने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। जानकारी के अनुसार ग्राम पीरखेड़ी करजू की रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग सुंदरबाई का बेटा महेश शारीरिक रूप से विकलांग है। लाख कोशिशों के बावजूद महेश का रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था। इसी मजबूरी को भांपते हुए गांव के ही किशोर पिता कंवरलाल बागरी ने बुजुर्ग मां को विश्वास दिलाया कि वह उसके बेटे की शादी करवा देगा। इस काम के एवज में उसने 1 लाख 40 हजार रुपए की भारी-भरकम रकम की मांग की। लेन-देन का बनाया गया था वीडियो बेटे का घर बसने की आस में सुंदरबाई ने 1 मई 2025 को गांव की ही श्यामुबाई गोस्वामी के घर पर किशोर बागरी को 1 लाख 40 हजार रुपए नकद सौंप दिए। इस लेन-देन को पुख्ता करने के लिए बाकायदा मोबाइल कैमरे से एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया था। पैसे लेते वक्त आरोपी ने 2-3 महीने के भीतर शादी कराने का पक्का वादा किया था। महीनों बीत जाने के बाद भी जब शादी की कोई बात आगे नहीं बढ़ी, तो 18 मार्च 2026 को सुंदरबाई ने आरोपी किशोर से अपने पैसे वापस मांगे। खुद को फंसता देख आरोपी ने एक महीने के भीतर रकम लौटाने का आश्वासन दिया और एक स्टांप पेपर पर इसकी लिखापढ़ी भी कर दी, लेकिन मियाद पूरी होने के बाद भी ठग ने न पैसे लौटाए और न ही शादी करवाई। लगातार छले जाने के बाद पीडि़ता ने मोहन बड़ोदिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गवाहों के बयान, स्टांप के दस्तावेज और लेन-देन के वीडियो की सूक्ष्मता से जांच की। धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर नियमानुसार आरोपी पर प्रकरण दर्ज किया गया। मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी अरविंद तोमर ने बताया कि आरोपी किशोर बागरी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 27 मई 2026