क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- भगवान श्री हरि विष्णु पूजन, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक विष्णु सहस्रनाम पाठ आयोजित भोपाल(ईएमएस)। जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में अधिकमास की पावन पद्मिनी एकादशी पर विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किए गए। मंदिर में भगवान श्री हरि विष्णु, श्री विठ्ठल भगवान एवं दादाजी गुरुदेव का विशेष पूजन-अर्चन, पुष्प श्रृंगार, सामूहिक विष्णु सहस्रनाम पाठ, भजन-कीर्तन एवं आरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने एकादशी व्रत रखकर सुख-समृद्धि, परिवार कल्याण एवं आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पद्मिनी एकादशी अधिकमास में आने वाली अत्यंत दुर्लभ एवं पुण्यदायी एकादशी मानी जाती है, जिसका व्रत एवं पूजन विशेष फलदायी माना गया है। मंदिर समिति द्वारा प्रसादी एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गईं। दादाजी धाम मंदिर परिवार ने सभी श्रद्धालुओं को पद्मिनी एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए विश्व शांति, समाज कल्याण एवं मानवता के मंगल की प्रार्थना की। हरि प्रसाद पाल / 27 मई, 2026