क्षेत्रीय
27-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस)। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने बुधवार को जिले के मंडलेश्वर में पदस्थ एक सहायक प्राध्यापक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। प्राध्यापक पर कॉलेज पोस्टिंग करवाने के नाम पर लाखों रुपये की मांग करने का आरोप लगा है। लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शासकीय महाविद्यालय मंडलेश्वर में पदस्थ सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर ट्रैप कर, गिरफ्तार किया गया। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों योगेश देशमुख और मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। शिकायत के मुताबिक आत्माराम सोलंकी ने मेरी पत्नि उर्मिला की पोस्टिंग धार कॉलेज में करवाने का भरोसा देकर चार लाख रुपये रिश्वत की मांग की। एक लाख रुपये ले चुका था और बाकी राशि के लिए लगातार दबाव बना रहा था। बुधवार को आरोपित ने शिकायतकर्ता को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर बुलाया। वहां पहले से ही लोकायुक्त टीम निगरानी में तैनात थी। जैसे ही आत्माराम सोलंकी ने 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम ने खलघाट रेस्ट हाउस में कानूनी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा सहित कुछ अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। ईएमएस / 27/05/2026