क्षेत्रीय
27-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से संबद्ध ठीबगांव शाखा में 41.58 लाख रुपये का गबन उजागर होने के बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बैंक एमडी ने ठीबगांव शाखा कैशियर, सहायक गणक सहित शाखा प्रबंधक के बैंक खाते सीज करा दिए है। इसके अलावा तीनों पर एफआईआर की कार्रवाई के लिए शिकायती आवेदन भी जैतापुर पुलिस थाने पर दिया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सीईओ संध्या रोकड़े ने बताया कि 25 मई 2026 को शाखा में नियमित नगद मिलान एवं भौतिक सत्यापन के दौरान कैश का गबन सामने आया। जांच में बैंक की वास्तविक नगद शेष राशि और अभिलेखों में दर्ज राशि में 41लाख 58 हजार 095 रुपए का अंतर पाया गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए कैशियर रितु गोयल, सहायक गणक वाल टेलर त्रयम्बक वाणी के साथ ही शाखा प्रबंधक राजेश राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सीईओ ने ग्राहको को आश्वस्त किया है कि बैंक की राशि को किसी तरह का नुकसान नही होगा। राशि रिकवरी के लिए तीनों दोषी कर्मचारियों के बैंक खाते सीज कर दिए है। जल्द ही यह राशि इनके बैंक खातों से रिकवर की जाएगी। विभागीय दंडात्मक कार्रवाई के साथ ही कानूनी कार्रवाई के लिए एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। ईएमएस / 27/05/2026