- मेलोडी बांटकर महंगाई और बेरोजगारी पर जताया विरोध सिरोंज (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी की सिरोंज इकाई ने बुधवार को महंगाई, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर के पुराने बस स्टैंड और पेट्रोल पंप क्षेत्र में आम लोगों के बीच मेलोडी चॉकलेट बांटी और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से कहा— “मेलोडी खाओ और महंगाई भूल जाओ, पेपर लीक भूल जाओ, बेरोजगारी भूल जाओ।” इस नारे के जरिए पार्टी ने सरकार पर जनता के अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। पार्टी नेता रजत सक्सेना ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है, युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं और बेरोजगारी भी गंभीर समस्या बनी हुई है। इन मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार जनता के बीच जाकर आवाज उठा रही है। इस मौके पर रजत सक्सेना , डॉ सोहिल अली वाजिद खान, जितेंद्र तोमर, अभिषेक धाकड़, राहुल वर्मा आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भी रुककर कार्यक्रम को देखा और पार्टी की बात सुनी। सिरोंज में आम आदमी पार्टी के इस अलग अंदाज़ के प्रदर्शन की शहर में चर्चा रही। ईएमएस / 27/05/2026