क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- अग्रवाल धर्मशाला में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मालवा मील क्षेत्र की 40 कॉलोनियों के भक्त ले रहे धर्म लाभ; आज मनेगा श्रीराम जन्मोत्सव इंदौर (ईएमएस)। श्रीमद्भागवत वह परम पावन कथा है जो कई जन्मों के पुण्योदय के बाद ही नसीब होती है। इसे चाहे कल्पवृक्ष कह लें, महासागर या फिर सद्गुणों का खजाना; सबका सार यही है कि जीवन को मोक्ष की ओर ले जाना है तो भागवत की शरण में आना ही होगा। भगवान के अवतार हमेशा सज्जनों के कल्याण और दुर्जनों के विनाश के लिए होते हैं। यह प्रेरक विचार राजस्थान के प्रख्यात भागवताचार्य पं. सतीशचन्द्र शर्मा ने व्यक्त किए। वे यहाँ श्री मालवा मील अग्रवाल पंचायत की मेजबानी में अग्रवाल धर्मशाला, वाय एन रोड पर आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। बुधवार को कथा के चौथे दिन विद्वान वक्ता ने शुकदेव जन्म और अमरनाथ कथा प्रसंग की अत्यंत भावपूर्ण और दिव्य व्याख्या की। इस भव्य ज्ञान यज्ञ में मालवा मील क्षेत्र से जुड़ी करीब 40 कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन भाग ले रहे हैं। कथा का सुचारू संचालन महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मोनिका पोत्दार ने किया, जबकि अंत में सभी पधारे हुए अतिथियों और भक्तों का आभार सुशील अग्रवाल ने माना। आयोजकों के अनुसार, यह कथा आगामी 1 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 से शाम 6:00 बजे तक जारी रहेगी। :: आज मनेगा श्रीराम जन्मोत्सव, रुक्मणी विवाह में हल्दी-मेहंदी लगाकर आएंगे भक्त :: कथा के आगामी दिव्य प्रसंगों और उत्सवों की जानकारी देते हुए पंचायत समिति ने बताया कि 28 मई (गुरुवार) को भव्य श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जबकि 29 मई (शुक्रवार) को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन फूलों की भव्य होली के साथ होगा। इसके बाद 30 मई (शनिवार) को गोवर्धन पूजन एवं छप्पन भोग दर्शन होंगे। आगामी 31 मई (रविवार) को होने वाले दिव्य रुक्मणी विवाह प्रसंग के लिए श्रद्धालुओं से विशेष रूप से हल्दी-मेहंदी लगाकर आने का आग्रह किया गया है। अंत में, सोमवार 1 जून को सुदामा चरित्र की कथा, भागवत महापूजन, यज्ञ-हवन और शुकदेवजी की विदाई के साथ इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन होगा। कथा के शुभारंभ पूर्व मुख्य यजमान श्रीमती श्यामा नरेश मित्तल, उषा-सुशील अग्रवाल, पंचायत के अध्यक्ष गोविन्द गर्ग भमोरी, सुभाष अग्रवाल, कल्याण अग्रवाल, मनोहर अग्रवाल, संयोजक राजेश अग्रवाल, अर्पण गर्ग, उमेश मंगल, संतोष गोयल और राजा अग्रवाल आदि ने व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद लिया। वहीं, विद्वान वक्ता की अगवानी पंचायत के वरिष्ठ सदस्य रामचरण अग्रवाल, कैलाश मित्तल, अरविन्द गोयल और प्रमोद अग्रवाल ने की। प्रकाश/27 मई 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। वाय.एन. रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री मालवा मील अग्रवाल पंचायत द्वारा आयोजित भागवत ज्ञान यज्ञ में व्यास पीठ का श्रद्धापूर्वक पूजन करते मुख्य यजमान एवं वरिष्ठ पदाधिकारी।