- शादी का झांसा देकर गुजरात में बंधक बनाने का आरोप जबलपुर (ईएमएस)। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर गुजरात ले जाकर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपी सुरेंद्र पटेल पर शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गुजरात के सूरत स्थित ताताथइयाँ क्षेत्र में ले गया था। वहां तीन महीने तक उसे बंधक बनाकर रखा गया और लगातार शोषण किया गया। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर 26 मई 2026 को वापस जबलपुर पहुंची। पीड़िता ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन को भी प्रशांत पटेल नामक युवक जबरन गुजरात ले गया था, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। परिवार ने आशंका जताई है कि नाबालिग लड़की के साथ जबरन विवाह किया गया है। परिजनों के मुताबिक, बेलखेड़ा पुलिस ने 7 फरवरी 2026 को धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन अब तक नाबालिग लड़की की बरामदगी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि जिस वाहन से दोनों बहनों को ले जाया गया था, उसका नंबर भी केस डायरी में शामिल नहीं किया गया। परिवार का कहना है कि मामले में आरोपियों के राजनीतिक संबंधों के कारण निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है। परिवार ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी और नाबालिग लड़की की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। सुनील साहू / शहबाज / 27 मई 2026/ 06.30