27-May-2026
...


- पोकलेन मशीन एवं हाईवा जप्त - संलिप्तों पर की जा रही वैधानिक कार्यवाही कोरबा (ईएमएस) जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग, कोरबा ने अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए ग्राम पंचायत जोगीपाली, तहसील बरपाली क्षेत्र में संचालित अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाई है। कार्यवाही के दौरान अवैध उत्खनन में प्रयुक्त एक पोकलेन मशीन एवं एक हाईवा वाहन जप्त किया गया है। खनिज विभाग द्वारा ग्राम जोगीपाली क्षेत्र में भारी मशीनों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन किए जाने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही विभागीय टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण एवं जांच की। जांच में रेत खदान क्षेत्र में मशीनों के जरिए अवैध उत्खनन किए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर की गई कार्यवाही के दौरान अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 चेन माउंटेन मशीन (पोकलेन) एवं 01 हाईवा वाहन को जप्त कर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। संबंधित संचालकों एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। जिला प्रशासन द्वारा जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। 27 मई / मित्तल