लेख
28-May-2026
...


देश में इन दिनों “काकरोच जनता पार्टी” अचानक चर्चा के केंद्र में आ गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कम समय में मिली इसकी लोकप्रियता ने राजनीतिक गलियारों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वायरल वीडियो, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और व्यवस्था विरोधी भाषा ने इसे केवल इंटरनेट की हलचल भर नहीं रहने दिया, बल्कि एक गंभीर राजनीतिक संकेत में बदल दिया है। दिलचस्प बात यह है कि इस मंच के पास अभी न कोई स्पष्ट विचारधारा दिखाई देती है, न विस्तृत घोषणापत्र और न ही पारंपरिक राजनीति जैसा मजबूत ढांचा। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके भी कोई स्थापित राजनीतिक चेहरा नहीं रहे हैं। इसके बावजूद जिस तेजी से युवाओं का समर्थन इस मंच की ओर बढ़ रहा है, वह कई सवाल खड़े करता है। क्या यह केवल सोशल मीडिया का क्षणिक उत्साह है या फिर युवाओं के भीतर बढ़ती नाराजगी का संकेत? दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में युवाओं के भीतर एक बेचैनी लगातार बढ़ी है। बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां, बढ़ती महंगाई और अवसरों की कमी ने बड़ी संख्या में युवाओं को निराश किया है। छोटे शहरों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच यह नाराजगी अधिक गहराई से महसूस की जा सकती है। पारंपरिक राजनीतिक दलों के लंबे वादों और सीमित परिणामों से भी एक वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस करता है। ऐसे माहौल में जब कोई मंच युवाओं की भाषा में बात करता है, व्यवस्था पर तंज कसता है और उनके गुस्से को खुलकर अभिव्यक्ति देता है, तो उसका तेजी से लोकप्रिय होना स्वाभाविक है। “काकरोच जनता पार्टी” की लोकप्रियता को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। यह केवल एक राजनीतिक प्रयोग नहीं, बल्कि उस मानसिकता का प्रतिबिंब है जिसमें युवा अब स्थापित ढांचों से अलग कुछ नया तलाशना चाहता है। यही वजह है कि इस मंच की तुलना कई लोग उस दौर से भी कर रहे हैं जब अन्ना हजारे आंदोलन और बाद में अरविंद केजरीवाल की राजनीति ने युवाओं के भीतर अचानक ऊर्जा पैदा कर दी थी। उस समय भी सोशल मीडिया ने माहौल बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी, लेकिन अंततः संगठन और जमीन पर सक्रियता ने ही उस आंदोलन को राजनीतिक ताकत में बदला। हालांकि भारतीय राजनीति केवल डिजिटल लोकप्रियता से नहीं चलती। चुनावी राजनीति में आखिरकार वही दल टिकते हैं जिनके पास मजबूत संगठन, बूथ स्तर तक कार्यकर्ता और लगातार जनता के बीच मौजूद रहने की क्षमता होती है। देश में ऐसे कई उदाहरण रहे हैं जहां सोशल मीडिया पर भारी समर्थन दिखा, लेकिन वह समर्थन वोटों में तब्दील नहीं हो पाया। कारण साफ है—मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देने वाला गुस्सा हमेशा मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचता। इसके बावजूद इस उभरती हुई प्रवृत्ति को हल्के में लेना भी ठीक नहीं होगा। क्योंकि यह लोकप्रियता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उस असंतोष की है जो धीरे-धीरे युवाओं के भीतर जमा होता गया है। यदि यह असंतोष संगठित रूप लेता है और जमीनी नेटवर्क में बदलता है, तो आने वाले समय में यह पारंपरिक राजनीति के लिए चुनौती बन सकता है। फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि “काकरोच जनता पार्टी” ने देश की राजनीति के सामने एक आईना रख दिया है। यह आईना बता रहा है कि युवा केवल भाषण नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं पर सीधी और ईमानदार बातचीत चाहता है। अब देखना यह होगा कि यह लहर सोशल मीडिया की सीमाओं में सिमट कर रह जाती है या सचमुच राजनीतिक जमीन पर कोई नया अध्याय लिखती है। ईएमएस/28/05/2026