राष्ट्रीय
28-May-2026
...


कोर्ट ने पति समर्थ को किया सीबीआई के हवाले भोपाल(ईएमएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मृतका की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए गिरिबाला सिंह को निचली अदालत से मिली अग्रिम जमानत को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। इसके साथ ही, भोपाल की एक विशेष अदालत ने बुधवार को मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया है। हाईकोर्ट का 17 पन्नों का दिया आदेश इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के वेकेशन जज देवनारायण मिश्रा ने एक विस्तृत सुनवाई की और 17 पन्नों का विस्तृत कानूनी आदेश जारी किया। कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता, उपलब्ध साक्ष्यों और प्रतिवादी गिरिबाला सिंह पर लगे गंभीर आरोपों के मद्देनजर उन्हें राहत नहीं दी जा सकती। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने भोपाल के 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्वारा गत 15 मई 2026 को दिए गए अग्रिम जमानत के फैसले को खारिज कर दिया। पूर्व जज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 व 4 के तहत प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न से जुड़े गंभीर दंडनीय अपराधों में मामला दर्ज है। आत्मसमर्पण करें पूर्व जज ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से इस लंबी कानूनी लड़ाई को लड़ रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने अदालत के इस फैसले को न्याय की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा था और हाई कोर्ट द्वारा जमानत अर्जी खारिज होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। अधिवक्ता ने यह भी रेखांकित किया कि चूंकि आरोपी गिरिबाला सिंह स्वयं लगभग 36 वर्षों तक न्यायिक सेवा का हिस्सा रही हैं और कानून की व्याख्या करती आई हैं, इसलिए यदि उनके मन में न्याय प्रणाली के प्रति थोड़ा भी सम्मान शेष है, तो उन्हें बुद्धिमानी का परिचय देना चाहिए। उन्हें बिना किसी देरी के केंद्रीय जांच एजेंसी के समक्ष आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर देना चाहिए और मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए। ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं ट्विशा उल्लेखनीय है कि पूर्व मॉडल और अभिनेता ट्विशा शर्मा बीते 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी हुई पाई गई थीं। मृतका के मायके वालों ने पति और सास पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सोमवार को ही सीबीआई ने इस केस की कमान पूरी तरह से अपने हाथों में ले ली थी। सीबीआई ने मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज की गई मूल एफआईआर को दोबारा री-रजिस्टर किया है, जिसमें पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है।अदालत से समर्थ सिंह की कस्टडी मिलने के तुरंत बाद सीबीआई की एक विशेष टीम आरोपी को साथ लेकर भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनकी मां गिरिबाला सिंह के निवास स्थान पर पहुंची। जांच एजेंसी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और वहां से कुछ महत्वपूर्ण डिजिटल व भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मौत के असली कारणों और साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। मामले में आगे की धरपकड़ और पूछताछ जारी है। वीरेंद्र/ईएमएस/28मई 2026