मुंबई, (ईएमएस)। मध्य रेल की एसी लोकल सेवाओं में 26 जनवरी से 20 मई 2026 की अवधि के दौरान, 2025 की इसी अवधि की तुलना में यात्री संख्या में भारी वृद्धि देखी गई है, जो मुंबई में एसी उपनगरीय यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता को रेखांकित करती है। इस अवधि के एसी लोकल आंकड़ों के अनुसार, 2026 में कुल यात्री संख्या प्रति सेवा औसतन 1664 यात्री रही, जो 2025 में प्रति सेवा औसतन 1474 यात्रियों की तुलना में काफी अधिक है, जो प्रति सेवा औसत यात्री संख्या में 12.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। यात्रियों की संख्या में यह वृद्धि सेवाओं में पर्याप्त वृद्धि के साथ प्राप्त की गई है। मध्य रेल ने 26 जनवरी से 20 मई 2026 की अवधि के दौरान 8,991 एसी लोकल ट्रेनें चलाईं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में चलाई गई 6,834 ट्रेनों की तुलना में 31.6% अधिक है। सेवाओं में वृद्धि के परिणामस्वरूप, प्रतिदिन यात्रियों की औसत संख्या 2025 में 87,596 से बढ़कर 2026 में 1,30,075 हो गई, जो 48.5 प्रतिशत की वृद्धि है। प्रति सेवा यात्रियों की संख्या भी 2025 में 1,474 से बढ़कर 2026 में 1,664 हो गई, जिससे पता चलता है कि अधिक ट्रेनें चलने के बावजूद ट्रेनें पूरी तरह से भरी (ऑक्यूपाइड) हुई चल रही हैं। इस अवधि के दौरान कुल यात्रियों की संख्या 2025 में 1.00 करोड़ से बढ़कर 2026 में 1.50 करोड़ हो गई, जो 50 प्रतिशत की वृद्धि है। दैनिक औसत राजस्व में भी इसी अनुपात में वृद्धि हुई और यह 2025 के 38.50 लाख रूपये से बढ़कर 2026 में 56.00 लाख रुपया हो गया। वहीं, इस अवधि का कुल राजस्व पिछले वर्ष के 44.27 करोड़ रूपये के मुकाबले बढ़कर 64.40 करोड़ रुपया हो गया। मध्य रेल पर एसी लोकल सेवाओं की संख्या 66 से बढ़कर 80 हो गई, जिसमें मई 2025 में सीएसएमटी-कल्याण/बदलापुर/टिटवाला मेन लाइन पर सेवाएं शुरू होना शामिल है। 26 जनवरी 2026 से सीएसएमटी-पनवेल खंड पर एसी लोकल सेवाओं की शुरुआत के साथ, एसी लोकल सेवाओं की कुल संख्या 94 हो गई और मई 2026 से अतिरिक्त 14 सेवाओं के जुड़ने से मध्य रेल पर एसी लोकल सेवाओं की कुल संख्या 108 हो गई है। 2026 के सभी माह में लगातार यात्रियों की संख्या, जो मार्च और मई में चरम पर रही, एसी लोकल ट्रेनों की बढ़ती मांग को दर्शाती है। अतिरिक्त सेवाओं की शुरुआत और नए खंडों के विस्तार को सुरक्षित, तेज और आरामदायक यात्रा चाहने वाले यात्रियों ने खूब सराहा है। यात्रियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क में प्रीमियम परिवहन विकल्पों को मजबूत करते हुए उपनगरीय यात्रियों को बेहतर आराम और उत्कृष्ट यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए मध्य रेल के प्रयासों की सफलता को दर्शाती है। मध्य रेल सभी यात्रियों से आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वैध टिकट खरीदने और निर्धारित डिब्बों में यात्रा करने की अपील करता है। संतोष झा- २८ मई/२०२६/ईएमएस