गया, (ईएमएस)। बिहार के गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। खबर है कि चार हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया और लगभग 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। घायल व्यवसायी की पहचान गुरारू बाजार निवासी प्रभाकर बरनवाल के रूप में हुई है, जो “एस ब्रदर्स ज्वेलर्स” के संचालक हैं। जानकारी के अनुसार, वे दुकान बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान करमाईन के पास पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब छह राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। गोलीबारी के दौरान एक गोली प्रभाकर बरनवाल की दाहिनी जांघ में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। ड्राइवर और स्टाफ सदस्य सुभाष संगत ने कहा कि हमलावर लगातार धमकी दे रहे थे और कह रहे थे, “जमीन क्यों नहीं लिख रहे हो।” लूटे गए बैग में करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपये नकद थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल व्यवसायी को तुरंत गुरारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। उधर सूचना मिलते ही गुरारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस की छापेमारी जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संतोष झा- २८ मई/२०२६/ईएमएस