- भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी देने वाले टीएमसी विधायक भी अरेस्ट - हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई की बड़ी कार्रवाई कोलकाता (ईएमएस)। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में साल 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोप में सीबीआई ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें पूर्व टीएमसी नेता शेख शाहजहां का करीबी कादेर मोल्ला भी शामिल है। सीबीआई ने लंबे समय तक सबूत जुटाने, गवाहों के बयान दर्ज करने और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर इस अभियान को अंजाम दिया। गौरतलब है कि 8 जून 2019 को संदेशखाली में पार्टी का झंडा हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की गोली मारकर और धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में इस मामले की जांच राज्य की सीआईडी कर रही थी, जिसने अपनी चार्जशीट से शेख शाहजहां समेत 28 लोगों के नाम हटा दिए थे। इसके बाद पीड़ित परिवारों ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया, जिसके आदेश पर जांच सीबीआई को सौंपी गई। इसी बीच एक अन्य बड़ी कार्रवाई में, दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर से टीएमसी विधायक दिलीप मंडल को बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ओडिशा के पुरी स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। हाल ही में राज्य में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद दिलीप मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे थे। इस वीडियो के आधार पर उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इससे पहले उनके आवास पर छापेमारी की थी और उनके बेटे को भी हिरासत में लिया था, लेकिन विधायक फरार चल रहे थे। बताया जा रहा है कि दिलीप मंडल ने गिरफ्तारी से बचने और अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कराने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की थी, लेकिन अदालत से कोई राहत मिलने से पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। रामयश/ईएमएस 28 मई 2026