राज्य
28-May-2026


- पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व पीसी शर्मा ने की मांग भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस में राज्यसभा सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को एक बार फिर राज्यसभा भेजने की मांग जोर पकडऩे लगी है। कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने खुलकर कहा है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए दिग्विजय सिंह का अनुभव पार्टी के लिए बेहद जरूरी है। उन्हें राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए पीसी शर्मा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जल्द ही उम्मीदवार के नाम पर फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवार और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इस मुद्दे पर हाईकमान से चर्चा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिए कि अंतिम निर्णय में दिग्विजय सिंह और कमलनाथ की राय भी अहम मानी जाएगी। कांग्रेस के अंदर राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन दिग्विजय सिंह का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है। पार्टी के कई नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय राजनीति और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उनका राज्यसभा जाना कांग्रेस के लिए रणनीतिक रूप से फायदेमंद हो सकता है।इसी दौरान पीसी शर्मा ने संगठन सृजन अभियान और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के दौरों को लेकर भी बयान दिया। कांग्रेस लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है और पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता, चाहे वे किसी भी गुट से जुड़े हों, प्रशिक्षण शिविरों में एकजुट होकर हिस्सा ले रहे हैं। उनका दावा है कि इस प्रक्रिया से संगठन मजबूत होगा और आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी को बड़ा फायदा मिलेगा। कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को कर रही मजबूत पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए जिला अध्यक्षों और स्थानीय इकाइयों की मॉनिटरिंग भी की जा रही है। जनता से सीधे संवाद बनाए रखने के लिए कनेक्ट सेंटर बनाया गया है, जहां संगठन की सक्रियता पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो नेता या पदाधिकारी जनता से जुड़े नहीं रहेंगे। उन्हें संगठन से डिस्कनेक्ट कर दिया जाएगा। कांग्रेस अब 2028 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी में जुटी हुई है। विनोद / 28 मई 26