28-May-2026
...


- रेडइया आबूनगर ईदगाह में सकुशल अदा हुई नमाज, जिलेभर में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया पर्व फतेहपुर (ईएमएस)। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों एवं मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर मुल्क में अमन, चैन और तरक्की की दुआ मांगी। प्रशासन और पुलिस विभाग की मुस्तैदी के चलते जिलेभर में त्योहार सकुशल संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित ईदगाह रेडइया आबूनगर में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे, जिन्होंने अल्लाह की बारगाह में देश, प्रदेश और समाज में शांति एवं भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम एवं सौहार्द का संदेश दिया। पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पहले से ही सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक स्वयं ईदगाह पहुंचे तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की। ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रहे, जिससे पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपदवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए सभी से आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाए जाने चाहिए, जिससे समाज में एकता और भाईचारा मजबूत हो। प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों के सहयोग के चलते जिलेभर में बकरीद का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। लोगों ने भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए शांति और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। शीबू खान/ ईएमएस 28 मई, 2026