कांकेर(ईएमएस)। नगर के घड़ी चौक से ग्राम पंडरी पानी तक निर्माणाधीन सड़क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी है, जिससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन तथा ठेकेदार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य वर्ष 2024-25 से जारी है, लेकिन लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। अधूरी सड़क के कारण लोगों को रोजाना धूल, खराब रास्तों और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार मंत्री और जिला प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। सड़क अधूरी होने से गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और खासकर बारिश के मौसम से पहले चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारी ने बताया कि डामर की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सामग्री उपलब्ध होते ही सड़क निर्माण का काम तेजी से पूरा किया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सिर्फ आश्वासन ही सुन रहे हैं। अब देखना होगा कि करोड़ों रुपये की लागत वाली यह सड़क आखिर कब तक पूरी हो पाती है और ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मई 2026