- गुरुवार को घटित 4 अग्नि दुर्घटनाओं पर निगम फायर अमले ने पाया शीघ्र नियंत्रण - भीषण गर्मी के बीच नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला पूर्ण सतर्कता के साथ निभा रहा जन सुरक्षा की जिम्मेदारी कटनी (ईएमएस)। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान के कारण अग्नि दुर्घटनाओं की घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। ऐसी परिस्थितियों में नगर पालिक निगम कटनी का फायर ब्रिगेड अमला पूर्ण सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं बेहतर समन्वय के साथ जन सुरक्षा की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में आयोजित की गई मॉक ड्रिल एवं आपदा प्रबंधन संबंधी अभ्यासों का सकारात्मक परिणाम अब वास्तविक परिस्थितियों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिसके चलते गुरुवार को नगरीय क्षेत्र के दो तथा ग्रामीण क्षेत्र के एक स्थल में घटित तीन अलग-अलग अग्नि दुर्घटनाओं पर फायर अमले द्वारा शीघ्र नियंत्रण स्थापित किया गया। फायर निरीक्षक शैलेंद्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार रात्रि लगभग 12:05 बजे थाना कोतवाली अंतर्गत विश्वकर्मा पार्क के समीप एक बैंक के ऊपरी हिस्से में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन जोन से फायर ब्रिगेड वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा बैंक के एसी यूनिट में लगी आग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र काबू पा लिया गया। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर लगभग 01:50 बजे घंटाघर स्थित देना बैंक के समीप एक टपरे में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही निगम का फायर अमला पुनः सक्रिय हुआ और सिविल लाइन जोन से रवाना किए गए फायर वाहन द्वारा मौके पर पहुंचकर आग पर तेजी से नियंत्रण स्थापित किया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना को टाला जा सका। इसके अतिरिक्त गुरुवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम कटनी से रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 5 के पीछे लगी आग पर दुर्गा चौक जोन करताल के फायर वाहन एवं अमले द्वारा तत्काल घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्य में जुटकर अग्नि दुर्घटना पर नियंत्रण पा लिया गया। वही परोहा पिपरिया समीप ग्राम खिरहनी में आग लगने की सूचना प्राप्त होने पर बस स्टैंड जोन से तत्काल फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल के लिए रवाना किया जाकर फायर अमले द्वारा मौके पर निरंतर आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही आग पर नियंत्रण पा लिए जाने की संभावना व्यक्त की गई है। नगर निगम प्रशासन द्वारा समय-समय पर आयोजित मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं फायर स्टाफ की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के प्रयासों के चलते फायर अमला आपात परिस्थितियों में अधिक सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य कर रहा है। यही कारण है कि हालिया अग्नि दुर्घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े नुकसान को रोकने में सफलता प्राप्त हुई। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे फायर सेफ्टी नियमों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों, गैस सिलेंडरों एवं ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग में विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल फायर ब्रिगेड एवं प्रशासन को सूचना प्रदान करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। ईएमएस/मोहने/ 28 मई 2026