- घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शाजापुर (ईएमएस)। जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-52 पर देर रात चालक को नींद की झपकी आने के कारण एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अभयपुर ब्रिज के पास बुधवार रात करीब 3 बजे हुआ। एक स्विफ्ट कार उज्जैन से सारंगपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार चालक को नींद की झपकी आ गई और वह स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में कार में सवार राज मालवीय उम्र 24 वर्ष, निवासी आगर रोड, उज्जैन और कृष्ण पाल राठौर उम्र 27 वर्ष, निवासी उज्जैन घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 28 मई 2026