शाजापुर (ईएमएस)। शहर के हरायपुरा क्षेत्र में बीती रात अचानक एक विशाल गुलमोहर का पेड़ धराशायी हो गया। गनीमत यह रही कि घटना देर रात हुई, जिससे कोई जनहानि या बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, पेड़ के सीधे बिजली लाइनों पर गिरने से पूरे इलाके की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई और रहवासियों को रातभर भीषण गर्मी व घुप्प अंधेरे में जागकर गुजारनी पड़ी। गुरुवार दोपहर बाद जाकर स्थिति सामान्य हो सकी। मोती मस्जिद के पास हुआ हादसा, दो पोल हुए तिरछे प्राप्त जानकारी के अनुसार हरायपुरा क्षेत्र में मोती मस्जिद के समीप बुधवार रात भारी-भरकम पेड़ गिरने के कारण बिजली के दो पोल तिरछे हो गए और लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। खतरे को टालने के लिए तुरंत पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। बिजली लाइन टूटने से आसपास के इलाकों में पूरी तरह ब्लैकआउट हो गया। लगभग 5 से 6 घंटे तक बिजली बाधित रहने के कारण रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी के बीच लोगों की रात करवटें बदलते हुए कटी। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे बहाल हुई बिजली हादसे की सूचना मिलते ही बिजली कंपनी का अमला मुस्तैदी से मौके पर पहुंच गया और रात में ही सुधार कार्य शुरू कर दिया गया। कर्मचारियों ने सबसे पहले गिरे हुए पेड़ को काटकर हटाया और उसके बाद क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों व तिरछे हुए पोल को दुरुस्त करने का काम किया। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे विद्युत व्यवस्था पूरी तरह बहाल हो सकी। बिजली आने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 28 मई 2026