क्षेत्रीय
28-May-2026
...


देवास (ईएमएस)। औदुंबर ब्राह्मण वरिष्ठ नागरिक मंच के तत्वावधान में महाराष्ट्र समाज, देवास में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस पर ध्रुव, प्रह्लाद एवं जड़भरत के प्रेरणादायी चरित्रों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर हो गए। वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय ने बताया कि तृतीय दिवस पर प्रातःकाल मुख्य यजमान महेंद्र दुबे, संजय उपाध्याय, अनिल चौधरी, राजेंद्र शर्मा एवं भारत दुबे ने सपत्निक वैदिक पूजन संपन्न किया। वैदिक अनुष्ठान वैदिक आचार्य पं. मनीष पाठक नगरपुरोहित, आष्टा के निर्देशन में विप्रजनों द्वारा संपन्न कराया गया। दोपहर में कथाव्यास नगरपुरोहित पं. डॉ. दीपेश पाठक (आष्टा) ने श्रद्धालुओं को ध्रुव, प्रह्लाद एवं जड़भरत के चरित्रों का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि ईश्वर के प्रति अटल विश्वास ही सच्ची भक्ति का आधार है। सत्य, श्रद्धा और भक्ति की प्रतिमूर्ति के रूप में उनके जीवन से प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए। पं. डॉ. दीपेश पाठक ने कहा कि जो व्यक्ति प्रभु पर अटूट विश्वास रखकर भक्ति करता है, उसे ईश्वर की कृपा अवश्य प्राप्त होती है। भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए भगवान ने नृसिंह अवतार धारण कर हिरण्यकश्यप का संहार किया और अपने भक्त की रक्षा की। यह प्रसंग इस बात का प्रतीक है कि भगवान अपने सच्चे भक्तों का हर संकट में संरक्षण करते हैं। कार्यक्रम के अंत में संयोजक जयन्त शर्मा ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ईएमएस/मोहने/ 28 मई 2026