क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- क्षेत्रवासियों ने उनके घर के सामने किया विरोध प्रदर्शन इन्दौर (ईएमएस) निगम वार्ड क्रमांक 47 के राणी सती कालोनी क्षेत्र में विधायक निधि से नर्मदा के पानी की टंकी का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन टंकी के सामने रहने वाले दो परिवारों ने यहां टंकी नहीं बनने की मांग करके हाई कोर्ट में याचिका लगा रखी है, जिस पर दोनों को स्टे मिला हुआ है और टंकी का काम रुका हुआ है। इसके खिलाफ जल संकट से ट्रेन सैकड़ों लोगों ने आज सुबह स्टे लेने वालों के घरों के सामने पहुंच प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया और सांसद शंकर लालवानी भी मौके पर पहुंच गए।‌ बताया जा रहा है कि यहां 25 लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी निर्माण किया जाना था। इसके लिए विधायक महेन्द्र हार्डिया ने 5 करोड़ रुपए की राशि विधायक निधि से दी लेकिन दोनों परिवारों के विरोध को देखते हुए इसकी क्षमता 20 लाख लीटर कर दी गई, लेकिन जब परिवार नहीं माने तो अब 17 लाख लीटर की ही पानी की टंकी बनाई जा रही है। बावजूद इसके दोनों परिवार नहीं मान रहे हैं और कोर्ट से स्टे ले आए अब मामला कोर्ट में लंबित हैं। क्षेत्र वासियों का कहना है कि यदि यह टंकी के बन जाती है तो करीब 15 हजार परिवारों को सीधे पानी मिल सकेगा, जो अभी यशवंत क्लब पानी की टंकी से आता है। इस टंकी से संपूर्ण रेसकोर्स रोड, वायएन रोड, दुबे का बगीचा, रानी सती कॉलोनी, न्यू देवास रोड, अहिल्या माता कॉलोनी, मुंबई की चाल, वल्लभनगर, पारसनाथ सोसायटी कॉलोनी, आरएस भंडारी मार्ग, गोमा की फेल, पंचम की फेल जैसे क्षेत्र जुड़े हुए हैं। टंकी न बनने से नलों में काफी कम प्रेशर से पानी आता है और कभी-कभी तो 5 से 10 मिनट ही नल चलते हैं। इसी को लेकर आज क्षेत्र के लोगों ने टंकी निर्माण स्थल पर जाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में हाथ में तख्तियां लेकर महिलाएं भी शामिल हुईं थीं। आनंद पुरोहित/ 28 मई 2026