क्षेत्रीय
28-May-2026
...


कटनी (ईएमएस)। स्वच्छता केवल सफाई का विषय नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सुंदर और व्यवस्थित शहर की पहचान है। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से देशव्यापी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का शुभारंभ हो चुका है। यह अभियान देश के शहरों की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता एवं जन जागरूकता का सबसे बड़ा मूल्यांकन माना जाता है। इस बार सर्वेक्षण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है, क्योंकि शहर की रैंकिंग अब केवल प्रशासनिक व्यवस्थाओं से नहीं बल्कि आमजन के फीडबैक और सहयोग से तय होगी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किए जा रहे हैं। नियमित सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई तथा जन जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से शहर को स्वच्छता की दिशा में नई पहचान दिलाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। निगम प्रशासन का मानना है कि जब तक नागरिक स्वच्छता अभियान का हिस्सा नहीं बनेंगे, तब तक किसी भी शहर को स्थायी रूप से स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। इसी उद्देश्य से नगर वासियों से आग्रह किया जा रहा है कि वे स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानते हुए इसे अपनी दिनचर्या और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं। कुछ सेकंड का फीडबैक, कटनी के सम्मान का आधार स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नागरिकों से प्राप्त होने वाला सकारात्मक फीडबैक शहर की रैंकिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे cf.sbmurban.org पर अथवा क्यू आर कोड स्कैन कर अपना फीडबैक अवश्य दर्ज करें। यह प्रक्रिया बेहद सरल एवं त्वरित है, लेकिन इसका प्रभाव पूरे शहर की पहचान और गौरव से जुड़ा हुआ है। नागरिकों से विशेष अपील नगर निगम प्रशासन ने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण देने का सामूहिक संकल्प है। यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत बनाकर सकारात्मक सहभागिता निभाए, तो कटनी निश्चित रूप से देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सकता है। आइए, हम सभी मिलकर अपने शहर को स्वच्छता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें। आपका एक सकारात्मक फीडबैक — स्वच्छ, सुंदर और गौरवशाली कटनी की ओर एक मजबूत कदम साबित होगा। ईएमएस/मोहने/ 28 मई 2026