- ईदगाहों और मस्जिदों में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़ - नमाजियों ने देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए मांगी गई दुआ मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में बकरीद का त्योहार गुरुवार को पूरे धार्मिक उत्साह, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर देश में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और इंसानियत की सलामती की दुआ मांगी। पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला.प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 6.30 बजे भौआरा ईदगाह तथा 7 बजे मदरसा इस्लामिया सहित जिले के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। इसके अलावा रहिका, नाजीरपुर, इजरा, गौसनगर, सतलखा समेत दर्जनों गांवों और कस्बों में हजारों की संख्या में लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। ईदगाहों में तकरीर करते हुए उलेमाओं और वक्ताओं ने कहा कि इस्लाम इंसानियत, मोहब्बत और त्याग का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि मुसलमान केवल अल्लाह से डरता है और उसी की इबादत करता है। लोगों से नेक रास्ते पर चलने, गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज में भाईचारा कायम रखने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि कुर्बानी का असली मकसद त्याग, समर्पण और अल्लाह की राह में अपनी प्रिय चीज़ को कुर्बान करने की भावना है, इसलिए इसे दिखावे से दूर रहकर सादगी और ईमानदारी के साथ अदा करना चाहिए। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सभी संवेदनशील स्थानों, ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसडीओ सदर चंदन कुमार झा और एसडीपीओ सदर अमित कुमार लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेते रहे। वहीं नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते दिखाई दिए। नमाज के बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की। कुर्बानी का गोश्त गरीबों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बीच बांटा गया। घरों में सेवइयों और विभिन्न लजीज पकवानों का दौर चलता रहा। बच्चों ने नए कपड़े पहनकर एक-दूसरे के घर जाकर बधाइयां दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं। इस मौके पर जिले में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल भी देखने को मिली. हिंदू समुदाय के लोगों ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं। पूरे जिले में त्योहार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। समाहरणालय में अवस्थित कंट्रोल रूम से पूरे जिला पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा था। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २८ मई/२०२६/ईएमएस