- सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई; कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान, आगजनी का टला बड़ा खतरा इंदौर (ईएमएस)। शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन लगातार सतर्कता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज शहर के मध्य स्थित महाराजा कॉम्प्लेक्स में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यहां खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान एक अवैध रूप से कब्जाई गई दुकान से भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित गैस सिलेंडर जब्त किए। जांच दल जब कॉम्प्लेक्स की दुकान में पहुंचा, तो वहां का नजारा बेहद खतरनाक था। टीम ने मौके से गैस से भरे हुए 25 सिलेंडर जब्त किए। अधिकारियों के मुताबिक, इन सिलेंडरों का संग्रहण सुरक्षा के तय पैमानों के बिल्कुल विपरीत और बेहद लापरवाही के साथ किया जा रहा था। घनी आबादी और व्यावसायिक केंद्र के बीच इस तरह सिलेंडरों को छिपाकर रखना किसी बड़ी तबाही को न्योता देने जैसा था, जिससे यहां आगजनी जैसी गंभीर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी। - प्रशासनिक जांच जारी इस बड़ी लापरवाही के सामने आने के बाद प्रशासन ने दुकान को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह गैस सिलेंडर कहाँ से लाए गए थे और इनका उपयोग किस काम के लिए होना था, इसकी गहराई से पड़ताल की जा रही है। इस मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं और आगे की विस्तृत जांच जारी है। प्रकाश/28 मई 2026