नई दिल्ली (ईएमएस)। कर्नाटक की राजनीति के लिए अहम मानी जा रही मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बैठक खराब मौसम के कारण टल गई। दिल्ली जा रही सिद्धारमैया की विशेष फ्लाइट को गुरुवार शाम खराब मौसम और भारी बारिश के चलते जयपुर की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इसके बाद राहुल गांधी के साथ प्रस्तावित बैठक को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली में तेज बारिश, आंधी और खराब दृश्यता के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। सुरक्षा कारणों से विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। मौसम सामान्य होने के बाद आगे की यात्रा को लेकर निर्णय लिया गया। दरअसल कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलचल तेज है। कांग्रेस आलाकमान लगातार राज्य नेतृत्व के साथ बैठकें कर रहा है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ सिद्धारमैया की बैठक को बेहद अहम माना जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन, मंत्रिमंडल फेरबदल और राज्यसभा चुनाव जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी है। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नाम को लेकर भी अटकलें लगातार जारी हैं। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व अभी तक किसी बड़े बदलाव पर खुलकर कुछ नहीं कह रहा है। दिल्ली और उत्तर भारत में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। कई उड़ानों को डायवर्ट या देरी से संचालित करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुबोध/२८ -०५-२०२६