खेल
29-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल के 19 वें सत्र में जिस प्रकार से राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी छाये हुए और लगातार नये रिकार्ड बना रहे हैं। उससे उनकी मांग काफी बढ़ गयी है और कई टीमें उन्हें लेना चाहती है। इसी को देखते हुए पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि जिस प्रकार से वैभव की मांग तेजी से बढ़ी है। उसको देखते हुए अगर वैभव अगले सत्र में बड़ी आईपीएल नीलामी में उतरते हैं, तो उन पर 50 करोड़ रुपये तक की बोली लग सकती है, जिससे नीलामी का एक नया इतिहास बन जाएगा। साथ ही कहा कि वैभव सहित इन 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कार्तिक त्यागी और साकिब हुसैन को भी नीलामी में मोटी रकम मिल सकती है। वर्तमान ईपीएल सीजन में वैभव ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे सभी हैरान हैं। उन्होंने अपनी टीम के लिए अब तक बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 680 रन बनाये हैं और वह सबसे अधिक रनों के लिए मिलनी वाली ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं। पिछले आईपीएल सत्र में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें केवल 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनके मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए यह उम्मीद कम ही है कि राजस्थान रॉयल्स उन्हें किसी भी कीमत पर अपनी टीम से जाने देना चाहेगी पर अगर बड़ी नीलामी के नियम बदलते हैं और वैभव नीलामी टेबल पर आते हैं, तो सभी नौ टीमें उन पर अपनी दावं लगाना चाहेंगी। आकाश के अनुसार ऐसे में वैभव पर लगाने वाली मोटी रकम से आईपीएल इतिहास में एक नया अध्याय लिखा जाएगा। उन्होंने भविष्यवाणी की है कि टीमें उन पर 30 करोड़ रुपये तक की बोली लगाने से पीछे नहीं हटेगी। चोपड़ा ने यह भी कहा कि अगर भविष्य में आईपीएल की रकम बढ़कर 200 करोड़ रुपये तक होती है, तो वैभव सूर्यवंशी 50 करोड़ रुपये में भी बिक सकते हैं। यह आंकड़ा वर्तमान आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी लखनऊ सुपर जाएंट्स के ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर देगा। वैभव के अलावा, आकाश ने अगले सत्र के लिए बड़ी नीलामी में मोटी रकम हासिल कर सकने वाले कुछ अन्य अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन, जिन्होंने अपने पहले ही सीजन में अपनी कमाल की गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है, उन पर 8-9 करोड़ रुपये तक की बोली लग सकती है। पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह, जो बतौर बल्लेबाज और विकेटकीपर दोनों ही विकल्प देते हैं, उनकी कीमत 10-12 करोड़ रुपये तक जा सकती है। इसके साथ ही, प्रियांश आर्या, जो पिछले दो सीजन से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं उन पर भी 8-10 करोड़ रुपये तक का दांव लग सकता है। कोलकाता नाइट राइडर्स के कार्तिक त्यागी और चेन्नई सुपर किंग्स के आयुष म्हात्रे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है जिसका लाभ इन्हें मिल सकता है। आयुष म्हात्रे 7 से 10 करोड़ रुपये और कार्तिक त्यागी 10 करोड़ रुपये से अधिक में बिक सकते हैं। गिरजा/ईएमएस 29 मई 2026