मुम्बई (ईएमएस)। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रारुप आजकल छाया हुआ है। इसमें तेजी से लगने वाले चौके और छक्कों से खेल का रोमांच बना रहता है। जिससे दर्शकों की भारी भीड़ स्टेडियमों में नजर आती है। टी20 प्रारुप में कई पावर हिटर हुए हैं जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से खेल को एक अलग पहचान दी है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा सहित कई ऐसे बल्लेबाज हुए हैं। जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से इस प्रारुप का रोमांच बढ़ाया है हालांकि अब रोहित ने इस प्रारुप से संन्यास ले लिसा है और वह केवल लीग क्रिकेट ही खेलते हैं। रोहित शर्मा : रोहित ने साल 2007 से 2024 तक के अपने शानदार करियर में 159 मैचों की 151 पारियों में 4231 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं। 140.89 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए, रोहित के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक 205 छक्के दर्ज हैं, जो उन्हें इस प्रारूप का सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाज बनाता है। मुहम्मद वसीम : एसोसिएट टीम संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के कप्तान मुहम्मद वसीम इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। 2021 से 2026 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले वसीम ने 99 मैचों में 3371 रन बनाए हैं। 36.24 की औसत और 150.96 के तूफानी स्ट्राइक रेट के साथ, उन्होंने 196 छक्के लगाये हैं। वसीम रोहित के रिकॉर्ड (205 छक्के) के बेहद करीब हैं, जो एक एसोसिएट नेशन के खिलाड़ी के रूप में उनकी असाधारण क्षमता को दिखाता है। करणबीर सिंह : ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह ने अपने छोटे से अंतरराष्ट्रीय करियर (2024-2026) में ही अपनी छाप छोड़ी है। केवल 53 मैचों की 52 पारियों में उन्होंने 2220 रन बनाए हैं। 48.26 की बेहतरीन औसत और 172.76 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के साथ, करणबीर ने 180 छक्के लगाए हैं, जिससे वह दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में खड़े हो गए हैं। सूर्यकुमार यादव : भारत के सूर्यकुमार यादव, जिन्हें मिस्टर 360 के नाम से जाना जाता है, इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। 2021 में पदार्पण करने वाले सूर्या ने 113 मैचों की 107 पारियों में 3272 रन बनाए हैं। 162.94 के लाजवाब स्ट्राइक रेट के साथ, सूर्या ने अब तक 179 छक्के लगाए हैं, जो मैदान के हर कोने में शॉट खेलने की उनकी अनोखी कला को दिखाता है। जोस बटलर : इंग्लैंड के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर इस सूची में शामिल हैं। बटलर ने साल 2011 से 2026 तक इंग्लैंड के लिए 155 मैचों की 143 पारियों में 4037 रन बनाए हैं। वहीं 147.76 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए, बटलर ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 175 छक्के लगाए हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को दिखाता है। गिरजा/ईएमएस 29 मई 2026