खेल
29-May-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल 2026 के सत्र में अंतिम स्थान पर रही लखनऊ सुपर जायंट्स में अब बड़े बदलाव की संभावना है। ये भी कहा जा रहा है कि अगले सत्र में टीम में कई स्टार खिलाड़ी नजर नहीं आयेंगे। ऋषभ पंत की कप्तान में टीम 14 मुकाबलों में से केवल चार में ही जीती है। जिससे उसके केवल 8 अंक ही मिले पाये। एक रिपोर्ट के अनुसार इस प्रकार के प्रदर्शन से प्रबंधन नाराज है और अगले सत्र के लिए एक बेहतर टीम बनाना चाहता है। रिपोर्ट्स के अनुसार आगामी आईपीएल 2027 सत्र के लिए होने वाली मिनी नीलामी से पहले कई बड़े और महंगे खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जाना तय है। यहां तक कि कप्तान ऋषभ पंत भी इसस बाहर नहीं है। टीम ने उन्हें 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर टीम में शामिल किया था पर करीब दो सत्र बाद भी वह परिणाम नहीं दे पाये हैं। 28 मैचों में उन्होंने सिर्फ 581 रन बनाए, जो उनकी क्षमता के हिसाब से काफी कम हैं। बतौर कप्तान भी उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली नहीं रहा, क्योंकि उनके नेतृत्व में टीम लगातार दो सत्र में प्लेऑफ में नहीं पहुंच पायी। ऐसे में फ्रेंचाइजी अब उनके भविष्य पर गंभीरता से विचार कर रही है और संभव है कि उन्हें अगले सत्र में नई भूमिका या टीम से बाहर का रास्ता देखना पड़ सकता है। इसके अलवा वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन भी टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। 21 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए पूरन ने इस सत्र में 14 मैचों में केवल 234 रन बनाए। मध्यक्रम में उनकी असफलता से टीम को कई महत्वपूर्ण मैचों में हार झेलनी पड़ी। वहीं, तेज गेंदबाज मयंक यादव अपनी तेज़ गति से तो प्रभावित करते हैं, लेकिन लगातार चोटों से जूझने के कारण वह दो सत्र में सिर्फ छह मैच ही खेल पाए हैं। फ्रेंचाइजी अब उनकी फिटनेस को लेकर किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं है, जो उनके टीम से बाहर होने का संकेत देता है। तेज गेंदबाज आवेश खान भी बेहद महंगे साबित हुए। 9.75 करोड़ रुपये में खरीदे गए आवेश ने सात मैचों में केवल छह विकेट लिए और उनका इकोनॉमी रेट 11 से भी अधिक रहा, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से स्वीकार नहीं किया जा सकता है। अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा भी चोट के कारण पूरे सत्र में उपलब्ध नहीं रहे, जिससे टीम को उनके अनुभव की कमी खली। युवा बल्लेबाज अब्दुल समद को फिनिशर की भूमिका दी गई थी पर उसमें वह वह असफल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्टजे और बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्ज़के को भी इस बार अधिक अवसर नहीं मिले। ऐसे में तय है कि इन खिलाड़ियों को भी बाहर किसा जाएगा। इन बड़े बदलावों के बीच, फ्रेंचाइजी के पास अब कुछ नए विकल्प भी मौजूद हैं, जिनमें मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। कुल मिलाकर, लखनऊ सुपर जायंट्स प्रबंधन अब केवल बड़े नामों पर निर्भर रहने की बजाय फिटनेस और मौजूदा फॉर्म को प्राथमिकता देने की रणनीति पर काम कर रहा है। उनका लक्ष्य नए सिरे से एक ऐसी मजबूत और संतुलित टीम तैयार करना है, जो आगामी आईपीएल 2027 सीज़न में बेहतर प्रदर्शन कर सके और अपने फैंस की उम्मीदों पर खरी उतरे। गिरजा/ईएमएस 29 मई 2026