राज्य
29-May-2026
...


- कांग्रेस 8, शिवसेना 4 और एनसीपी 3 सीटों पर लड़ेगी- हर्षवर्धन सपकाल - विधान परिषद चुनाव में सत्ता के भूखे भाजपा महायुति द्वारा सत्ता और पैसों का भारी दुरुपयोग तथा नगरसेवकों की खरीद-फरोख्त - देवेंद्र फडणवीस गृह मंत्री के रूप में विफल, पुणे जहरीली शराब कांड की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार कर इस्तीफा दें - कांग्रेस द्वारा विधान परिषद चुनाव के लिए वरिष्ठ नेताओं की पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्ति मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में 17 सीटों के लिए होने वाले विधान परिषद चुनाव में महाविकास आघाड़ी के बीच 17 में से 15 सीटों पर सहमति बन गई है और शेष दो सीटों पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी चंद्रपुर, यवतमाल, भंडारा, अमरावती, अहिल्यानगर, सोलापुर और धाराशिव-लातूर-बीड सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार ) पुणे, ठाणे और सांगली-सातारा की 3 सीटों पर तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) रायगढ़, जलगांव, परभणी-हिंगोली और छत्रपति संभाजीनगर की 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दी। विधान परिषद सीट बंटवारे को लेकर महाविकास आघाड़ी के नेताओं की बैठक यशवंतराव चव्हाण सेंटर में संपन्न हुई। इस बैठक में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की कार्याध्यक्ष सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता सांसद अनिल देसाई, विधायक अंबादास दानवे, विधायक मिलिंद नार्वेकर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की प्रदेश महासचिव अदिती नलावडे और पूर्व विधायक मिलिंद अण्णा कांबले उपस्थित थे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में भी सत्ताधारी दल द्वारा बड़े पैमाने पर पैसों का इस्तेमाल किया जा रहा है। विपक्षी दलों के नगरसेवकों को तोड़ा जा रहा है, उन्हें 5-5 लाख रुपये एडवांस दिए गए हैं। ‘बाप बड़ा ना भैया, सबसे बड़ा रुपैया’ का खेल शुरू है। सत्ताधारी सहयोगी दलों के बीच भी खरीद-फरोख्त चल रही है। लोकतंत्र के उत्सव कहे जाने वाले चुनाव को भाजपा महायुति ने घोड़ाबाज़ार में बदल दिया है। भाजपा महायुति की दादागिरी के खिलाफ महाविकास आघाड़ी चुनावी मैदान में उतरी है। * जहरीली शराब कांड में पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए. पुणे में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं, लेकिन जिस क्षेत्र में यह घटना हुई वहां के पुलिस स्टेशन के अधिकारियों और पुलिस उपायुक्त को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और गृह मंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस पूरी तरह असफल साबित हुए हैं। फडणवीस को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए गृह मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए। * विधान परिषद चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति. विधान परिषद की 17 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है। पश्चिम महाराष्ट्र के सोलापुर निर्वाचन क्षेत्र के लिए सांसद प्रणिती शिंदे, सांगली-सातारा के लिए पूर्व मंत्री डॉ. विश्वजीत कदम, पुणे के लिए विधान परिषद में गुटनेता सतेज उर्फ बंटी पाटील, उत्तर महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के लिए वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोरात, जलगांव के लिए सांसद चंद्रकांत हंडोरे, नाशिक के लिए पूर्व मंत्री के. सी. पाडवी, मराठवाड़ा के नांदेड़ के लिए सांसद रविंद्र चव्हाण, धाराशिव-लातूर-बीड के लिए पूर्व मंत्री विधायक अमित देशमुख, परभणी-हिंगोली के लिए सांसद डॉ. कल्याण काळे, छत्रपति संभाजीनगर-जालना के लिए पूर्व सांसद तुकाराम रेंगे पाटील, विदर्भ के यवतमाल के लिए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, भंडारा-गोंदिया के लिए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विधायक नाना पटोले, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली के लिए विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, अमरावती के लिए पूर्व मंत्री यशोमती ठाकूर, नागपुर उपचुनाव के लिए पूर्व मंत्री डॉ. नितीन राऊत, कोकण विभाग के ठाणे निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्व मंत्री नसीम खान तथा रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग के लिए मुजफ्फर हुसैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। - २९ मई/२०२६/ईएमएस