राज्य
29-May-2026
...


करोंद में फूटी कोलार लाइन; मंत्री सारंग निरीक्षण करने पहुंचे; अफसरों को फटकार लगाई भोपाल (ईएमएस) । भोपाल में दिन में 43 डिग्री सेल्सियस वाली गर्मी पड़ रही है। इस भीषण गर्मी में कई इलाकों में बिजली और पानी का संकट है। रात में हर रोज 50 से ज्यादा इलाकों में बिजली गुल हो जाती है। वहीं, मेट्रो और 10 लेन अयोध्या बायपास के निर्माण पानी की लाइनें लगातार फूट रही है। शुक्रवार को भी करोंद में कोलार लाइन फूट गई। इसे लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने मौके पर पहुंचकर अफसरों को फटकार लगाई। लाइन फूटने की वजह से करोंद समेत करीब एक लाख आबादी को पानी नहीं मिलेगा। जानकारी के अनुसार, करोंद चौराहे के पास गुरुवार सुबह मेट्रो की खुदाई के दौरान कोलार पाइप लाइन फूट गई। इसके कारण पुराने भोपाल के बड़े हिस्से में पानी सप्लाई प्रभावित हो गई। शुक्रवार को करीब 1 लाख आबादी तक पानी नहीं पहुंचेगा। पिछले 15 दिन में मेट्रो और एनएचएआई की खुदाई के दौरान 14वीं बार पाइप लाइन टूटी है। पानी नहीं मिलने से परेशान हो रहे लोगों की समस्या को देखते हुए मंत्री सारंग दोपहर 12 बजे करोंद इलाके में पहुंचे। इस दौरान एनएचएआई, जिला प्रशासन, नगर निगम, मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद थे। मंत्री सारंग ने बताया, 10 लेन अयोध्या बायपास प्रोजेक्ट चल रहा है। बीच-बीच में ठेकेदार की लापरवाही से पीने की पाइप लाइन फूट रही है। इसे लेकर लोग खासे परेशान हैं। इसके चलते आज अफसरों के साथ निरीक्षण किया। जिम्मेदारों से साफ कहा है कि लोगों को आगे दिक्कत न हो। सभी प्लान के तहत काम करेंगे। ताकि, निर्माण के चलते आम लोग परेशान न हो। लाइन सुधरने तक विभिन्न इलाकों में टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई करेंगे। आरिफ नगर में फूटी लाइन, निगम देगा नोटिस नगर निगम के अनुसार, बैरसिया रोड स्थित आरिफ नगर के पास भोपाल मेट्रो के निर्माण के चलते कोलार फीडर की 400 एमएम व्यास की डीआई लाइन क्षतिग्रस्त होने से एलआईजी, नारियलखेड़ा, पिंजोमल, चौकसे नगर, जेपी नगर, आरिफ नगर, डीआईजी चौराहा, रेशम केंद्र एवं टीला जमालपुरा आदि क्षेत्रों की जलप्रदाय व्यवस्था बाधित हुई है। भोपाल मेट्रो रेल प्रोजेक्ट में बार-बार पानी की लाइन फूट रही है। इस पर निगम मेट्रो प्रबंधन को नोटिस देगा और जुर्माने की कार्रवाई करेगा। ताकि, आगे से ऐसा न हो। निगम के निर्देशों का नहीं हो रहा पालन नगर निगम ने निर्माण एजेंसियों को पहले पानी और सीवेज लाइन शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। लाइन शिफ्टिंग पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाना है। इसके बावजूद कई एजेंसियां सीधे खुदाई शुरू कर रही हैं। इससे निगम को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। गौरतलब है कि अयोध्या बायपास पर सडक़ निर्माण के दौरान एनएचएआई पिछले 15 दिनों में 12 बार पानी की पाइपलाइन तोड़ चुका है। अधिकारियों के मुताबिक लाइन शिफ्टिंग किए बिना खुदाई करने से बार-बार जल संकट की स्थिति बन रही है।