खेल
29-May-2026
...


:: जुलाई में इटली के रोम में खेलेंगी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता; खेल के साथ कला जगत में भी कमाया है नाम :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी और जानी-मानी वाइल्ड लाइफ व एब्स्ट्रैक्ट आर्टिस्ट श्रुति सासन ने खेल के क्षेत्र में एक बड़ी अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। श्रुति का चयन प्रतिष्ठित आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स टूर वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता आगामी 5 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक इटली के रोम शहर में आयोजित की जाएगी, जो मध्य प्रदेश और इंदौर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में भारत की 50 प्लस और 55 प्लस टीमों के लिए पूरे देश से चुनिंदा खिलाड़ियों को चुना गया है, जिसमें श्रुति सासन ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है। इस टीम में उनके साथ देश की अन्य दिग्गज खिलाड़ी विभा चौधरी, मंजू खरे और बबीता मोहन लांगथासा भी शामिल हैं। इंदौर टेनिस क्लब (आईटीसी) में नियमित कड़ा प्रशिक्षण लेने वाली श्रुति सासन खेल के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी एक जाना-माना नाम हैं। वे एक प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ और एब्स्ट्रैक्ट आर्टिस्ट हैं, जो कैनवास पर अपनी कला के माध्यम से प्रकृति और मानवीय भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से उकेरती हैं। टेनिस कोर्ट से लेकर कला जगत तक श्रुति ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से एक नई पहचान स्थापित की है। उनकी इस बड़ी सफलता पर मध्य प्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन सहित सभी पदाधिकारियों और इंदौर टेनिस क्लब परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। प्रकाश/29 मई 2026