खेल
29-May-2026


न्यू चंडीगढ़ (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के सामने 215 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे इस मुकाबले में राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए। राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 1 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने, जबकि ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में पारी संभाली। वैभव ने मात्र 47 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 शानदार छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 204 से ज्यादा रहा। हालांकि वह अपने शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए। रवींद्र जडेजा ने भी अहम योगदान देते हुए 35 गेंदों में 45 रन बनाए। कप्तान रियान पराग ने 11 और जोफ्रा आर्चर ने 7 रन की तेज पारी खेली। अंत में डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 9 गेंदों में नाबाद 30 रन ठोककर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी में 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली। राशिद खान इस मुकाबले में महंगे साबित हुए और 2 ओवर में 45 रन लुटा बैठे। सुबोध/२९ -०५-२०२६