खेल
29-May-2026
...


:: मोयरा ग्रुप के स्वामित्व वाली पैंथर्स टीम में अनुभव और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन; 4 जून को भोपाल लेपर्ड्स से पहला मुकाबला :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश क्रिकेट में रोमांच का तड़का लगाने आ रही आगामी मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप 2026 के लिए इंदौर पिंक पैंथर्स ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। मोयरा ग्रुप के स्वामित्व वाली इस टीम में स्टार ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को शामिल किया गया है। अय्यर की मौजूदा आईपीएल फॉर्म को देखते हुए इस सीजन में पिंक पैंथर्स की स्थिति बेहद मजबूत नजर आ रही है और टीम प्रबंधन को उनसे खिताबी प्रदर्शन की उम्मीद है। इंदौर पिंक पैंथर्स के डायरेक्टर संदीप जैन ने टीम पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा, हमने एक ऐसी टीम तैयार की है जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन है। टीम के खिलाड़ियों में काफी ऊर्जा और आत्मविश्वास है और हम इस नए सीजन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने एमपीएल की सराहना करते हुए कहा कि यह लीग मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से नई और छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का एक बहुत बड़ा और अहम मंच बनकर उभरी है। :: 4 जून को होल्कर स्टेडियम में पैंथर्स का पहला मैच :: एमपीएल टी-20 सिंधिया कप का नया सीजन आगामी 3 जून से शुरू होने जा रहा है। पुरुष वर्ग के पहले उद्घाटन मुकाबले में ग्वालियर चीताज़ का सामना उज्जैन फाल्कन्स से होगा। वहीं, इंदौर पिंक पैंथर्स अपने अभियान की शुरुआत 4 जून को भोपाल लेपर्ड्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला इंदौर के ऐतिहासिक होल्कर स्टेडियम में शाम के मैच (डे-नाइट) के रूप में खेला जाएगा। :: 10 पुरुष और 5 महिला टीमें लेंगी हिस्सा, बढ़ेगा रोमांच :: इस बार का एमपीएल 2026 अब तक का सबसे भव्य और बड़ा संस्करण होने जा रहा है, जिसमें कुल 10 पुरुष और 5 महिला फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस बार पुरुष वर्ग में तीन नई फ्रेंचाइजी- मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स को जोड़ा गया है। वहीं, महिला वर्ग में भी ग्वालियर शेरनिस और रॉयल निमाड़ जैसी दो नई टीमें मैदान में जलवा बिखेरती नजर आएंगी। :: यह है इंदौर पिंक पैंथर्स की पूरी टीम :: वेंकटेश अय्यर, आयाम वर्मा, आकाश राजावत, अन्वेष चावला, अथर्व जोशी, करण टहलियानी, लकी मिश्रा, महफूज पटेल, रोशन केवट, सारांश भार्गव, सारांश सुराना, शिवम शुक्ला, शुभम राठौड़, सिद्धार्थ पाटीदार, सिद्धांत अग्रवाल और विष्णु भारद्वाज। प्रकाश/29 मई 2026