राज्य
29-May-2026
...


- बसों में बैठकर कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर सहित तमाम अधिकारियों ने लिया जायजा, वैश्विक खाद्य सुरक्षा और डिजिटल कृषि पर होगा महामंथन इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर एक बार फिर बड़े अंतरराष्ट्रीय संवाद का केंद्र बनने जा रही है। शहर में आगामी 9 से 13 जून तक कृषि विषय पर अंतर्राष्ट्रीय महत्व का ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन 2026 आयोजित किया जा रहा है। भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस बेहद खास आयोजन में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इसी सिलसिले में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम व बैठक स्थलों तथा अतिथियों के आवागमन मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। - अधिकारियों ने बस से सफर कर दिया ईंधन बचत का संदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर अधिकारियों ने इस निरीक्षण के दौरान वाहन पूलिंग और ईंधन बचत के संदेश को व्यवहार में उतारा। सभी आला अधिकारियों ने अपनी सरकारी गाड़ियों के बजाय बसों के माध्यम से संयुक्त रूप से एयरपोर्ट से लेकर मेरियट होटल और शैरेटन ग्रेंड पैलेस तक के पूरे रूट प्लान का सूक्ष्म भ्रमण किया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ पूरी टीम द्वारा एक साथ समन्वित निरीक्षण करना संभव हुआ। इस संयुक्त निरीक्षण दल में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. परीक्षित झाडे़, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, एमपीआईडीसी के कार्यकारी अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार और रोशन राय सहित जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। :: दिखेगा मध्य प्रदेश का कृषि विकास मॉडल और मालवी आतिथ्य :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि प्रदेश में इस समय मुख्यमंत्री के निर्देशन में कृषि वर्ष मनाया जा रहा है। इसी के तहत ब्रिक्स सम्मेलन में प्रदेश की कृषि उपलब्धियों और नवाचारों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। ढक्कन वाला कुआं स्थित हाट बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर कृषि आधारित प्रदर्शनियां और स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विदेशी मेहमानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मालवा की सांस्कृतिक गरिमा व पारंपरिक आतिथ्य के अनुरूप उनका भव्य स्वागत-सत्कार सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन को पूरा विश्वास है कि इंदौर अपने पुराने अनुभवों की तरह इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को भी ऐतिहासिक और सफल बनाएगा। :: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों पर होगा मंथन :: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में आयोजित हो रहा यह सम्मेलन वैश्विक कृषि और खाद्य सुरक्षा को एक नई दिशा देगा। कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 9 से 11 जून तक इंदौर में ब्रिक्स कृषि कार्य समूह की बैठक होगी। इसके बाद 12 और 13 जून को सदस्य देशों के कृषि मंत्री एक मंच पर एकत्रित होंगे। पांच दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में वैश्विक खाद्य सुरक्षा और पोषण, जलवायु स्मार्ट कृषि, कृषि व्यापार को आसान बनाने, किसान कल्याण, अनुसंधान, डिजिटल कृषि, प्रिसिजन फार्मिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे भविष्य के आधुनिक तकनीकी विषयों पर गंभीर मंथन किया जाएगा। यह आयोजन इंदौर को अंतरराष्ट्रीय कृषि संवाद के एक बड़े वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। प्रकाश/29 मई 2026