- भाजपा की जिला कार्यशाला संपन्न मण्डला (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार शुक्रवार 29 मई 2026 को भाजपा कार्यालय में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किए जाने वाले “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। बताया गया कि 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विश्व पर्यावरण दिवस, विशेष जनसंपर्क अभियान, मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, मोदी सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, सभागार बैठकें, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम शामिल रहेंगे। जिला संगठन प्रभारी रमेश भटेरे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संगठन है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। उन्होंने कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रत्येक कार्यकर्ता एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी सुरक्षा का संकल्प भी ले। पौधरोपण की सेल्फी संगठन एप में अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक मंडल को कम से कम 30 लोगों से संपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी सहित केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर मोदी सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाने एवं प्रबुद्धजनों के साथ सभागार बैठक आयोजित करने की रणनीति भी बनाई गई। कार्यशाला में 19 एवं 20 जून को प्राकृतिक खेती को लेकर कृषि विज्ञान केंद्रों में किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न संगठनों से जुड़े कम से कम 30 लोगों के नाम चिन्हित करें, चाहे वे किसी भी पार्टी या विचारधारा से जुड़े हों। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता निसंकोच होकर उनके घर पहुंचें और आत्मीयता के साथ संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने वाहन में एक पौधा अवश्य रखे और जनसंपर्क के दौरान लोगों के साथ मिलकर पौधरोपण करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम को मंडला जिले में उत्कृष्ट रूप से आयोजित किया जाए और इसमें सभी कार्यकर्ताओं की विशेष सहभागिता सुनिश्चित हो। साथ ही जिन स्थानों पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे, वहां व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि जिन लोगों को अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उनके लिए विशेष प्रयास किए जाएं और यदि वे पात्र हैं तो उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और गरीब, किसान, महिला एवं युवा वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों में सक्रियता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करना है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा तय प्रत्येक अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यशाला में जिला संगठन प्रभारी रमेश भटेरे, सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, पूर्व जिलाध्यक्ष बालकिशन खंडेलवाल, रोचिराम गुरवानी, रतन सिंह ठाकुर,डॉ विजय आनंद मरावी सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष जय दत्त झा ने किया तथा आभार प्रदर्शन भाजपा जिला महामंत्री एवं पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे ने व्यक्त किया। कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रदेश व जिला मोर्चा पदाधिकारी, जनपद अध्यक्ष, नगरपालिका एवं नगर परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 29 मई 2026