क्षेत्रीय
29-May-2026


नाले में यूरिया-सोडा मिलाकर किया शिकार वन विभाग की छापामार कार्रवाई में पका मांस जब्त बालाघाट (ईएमएस). जिले में वन्यजीव शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां चीतल का शिकार कर उसका मांस बांटने वाले पांच आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 27 मई को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर उत्तर सामान्य वनमण्डल बालाघाट के वनमण्डलाधिकारी रेशमसिंह धूर्वे के निर्देशन एवं उपवनमंडल अधिकारी उकवा (सा) तरुण डहेरिया तथा वनपरिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण लामता (सा) शिवम् पूरी गोस्वामी के मार्गदर्शन में वन अमले द्वारा ग्राम कटेगांव एवं कछूरना में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कटेगांव निवासी अनिल पिता मेहरतसाव सुमगडे, सुरेश पिता रामचरण भंवरगढे, संजय पिता सुरेश डहरवाल तथा कछूरना निवासी गणेश पिता चरणसिंह मडावी एवं श्यामराज पिता राधेलाल टेकाम के घरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वन्यजीव चीतल का पका हुआ मांस जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुरेश भंवरगढे ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्रीष्म ऋतुु का फायदा उठाते हुए जंगल के कक्ष क्रमांक पी-1389 में नाले के पानी में यूरिया और सोडा मिलाया था। इस जहरीले पानी को पीने से एक नर एवं एक मादा चीतल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने चीतलों को काटकर मांस का आपस में बंटवारा कर लिया। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीओआर क्रमांक 2744/56 दिनांक 27/05/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया और आरोपियों को न्यायालय बालाघाट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक मगरदर्रा रूपसिंह परते, परिक्षेत्र सहायक समनापुर कंचन खंडागले, बीट प्रभारी टिटवा यश भैरम, वनरक्षक गिरीश चौहान, दिशा दमाहे, रजत बोपचे, आशीष नेहर, मानेंद्र पटेल, नीरज खटीक, तुलसीदास तिवारी, हिमांशु डहरवाल, दीपक सेंगर, राजा माड़वी सहित अन्य वनकर्मियों एवं वाहन चालक नरेंद्र सोनी का विशेष योगदान रहा। भानेश साकुरे / 29 मई 2026